आसनसोल : पश्चिम बर्धमान में आगामी 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।इसी क्रम में डुबुरडीही चेकपोस्ट पर सख्त नाका चेकिंग शुरू की गई है। यह चेकपोस्ट पश्चिम बंगाल–झारखंड सीमा पर स्थित है और यहां से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा वाहन के कागजात, संदिग्ध वस्तुओं और नकदी पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को रोका जा सके।शनिवार शाम को आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर प्रणब कुमार ने मौके पर पहुंचकर चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और तैनात अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।पुलिस कमिश्नर के अनुसार, पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 23 स्थानों पर नाका चेकिंग की व्यवस्था की गई है। इन सभी चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, अवैध हथियारों की आवाजाही या बाहरी तत्वों की घुसपैठ को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनी रहे।