दुमका:संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने के लिए झारखंड दलित समाज (जेडीएस) ने दुमका सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने 14 अप्रैल को होने वाले जयंती महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की।जेडीएस के पदाधिकारियों ने बताया कि 14 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे से दुमका के एसपी कॉलेज मैदान में जयंती महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर भव्य अंबेडकर मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। खोरठा के प्रसिद्ध गायक सतीश दास, राकेश दास और राजेश दीवाना अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा साहब को संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे।आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुमका विधायक सह पूर्व कैबिनेट मंत्री बसंत सोरेन को आमंत्रित करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, सांसद नलिन सोरेन, जामा विधायक लुईस मरांडी तथा शिकारीपाड़ा विधायक आलोक कुमार सोरेन के भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।झारखंड दलित समाज ने जिलेवासियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें संजय असंगा, रंजीत तुरी, मिथुन दास, विशाल हरि, प्रदीप मिर्धा, परेश मिर्धा समेत अन्य लोग शामिल थे।