*उपायुक्त व एसएसपी ने सभी जिले वासियों से की मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील*राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार, 25 जनवरी 2026, को रणधीर वर्मा चौक से गोल बिल्डिंग तक झारखंड की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन, आईआईटी आईएसएम, बीसीसीएल, पूर्व मध्य रेलवे, मैथन पावर लिमिटेड, दामोदर वैली कॉरपोरेशन, टाटा स्टील, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, चैंबर ऑफ़ कॉमर्स, छात्र छात्राएं सहित हजारों की संख्या में जिले वासी शामिल होंगे। मानव श्रृंखला का शुभारंभ सुबह 7 बजे से किया जाएगा।इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने जिलेवासियों से इस मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि इसका उद्देश्य जिलेवासियों में सड़क सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व, सतर्कता एवं सामूहिक प्रतिबद्धता की भावना एवं सुरक्षा सर्वप्रथम को और अधिक सशक्त करना है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए उपायुक्त तथा वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिला परिवहन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा ट्राफिक डीएसपी के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।इस संबंध में उपायुक्त ने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर तथा भारत सरकार और राज्य सरकार के दिशा निर्देशों पर जनवरी महीने में पूरे देश में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। धनबाद में इसे विशेष और ऐतिहासिक बनाने का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना और सड़क सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं करने से लगातार हो रही दुर्घटना को रोकना है। इससे आम जनों में और खासकर युवा पीढ़ी में जागरुकता आएगी। जागरूकता आने से लोगों की जान भी बचेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि रविवार, 25 जनवरी 2026, को राष्ट्रीय मतदाता दिवस भी है। इसीलिए जिला प्रशासन ने दोनों कार्यक्रमों को लेकर इसका आयोजन निर्धारित किया है। इसमें मतदाताओं को जागरूकता किया जाएगा। जिससे आगामी नगर निगम चुनाव में शत प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।*नए वोटरों को दिया जाएगा ईपिक कार्ड, बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर किए जाएंगे सम्मानित*राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित मानव श्रृंखला के दौरान नए मतदाताओं को उनका ईपिक कार्ड प्रदान किया जाएगा। साथ ही धनबाद, झरिया, सिंदरी, निरसा, बलियापुर एवं टुंडी विधानसभा के एक-एक बीएलओ एवं एक-एक बीएलओ सुपरवाइजर को उत्कृष्ट कार्यो के लिए सम्मानित किया जाएगा।बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी द्विवेदी, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कालिदास मुंडा, ट्रैफिक डीएसपी श्री अरविंद कुमार सिंह मौजूद थे।