चास मुफसिल थाना क्षेत्र के चास–तलगड़िया मुख्य पथ पर अलकुशा मोड़ के पास सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद लगा जाम 24 घंटे बाद हटा लिया गया। रविवार को हादसे में भुइंया द्वारिका निवासी सुखदेव रजवार उर्फ नरेश रजवार (28) की ट्रेलर से कुचलकर मौत हो गई थी। वह पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक था और अलकुशा मोड़ के पास गैराज चलाता था। बताया जाता है कि वह शाम पांच बजे अपने बच्चें के लिए दुध खरीदने के लिए अलकुशा से बोदरो की ओर पैदल जा रहा था कि अचानक ट्रेलर की चपेट में आ गया व घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने कंपनी से मुआवजा व नियोजन की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया था। काफी मशक्कत के बाद सोमवार को विभिन्न राजनीतिक संगठन व स्थानीय जनप्रतिनिधि और मजदूर नेताओं की पहल पर पुलिस, प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच वार्ता हुई। इसमें परिजनों को पांच लाख रुपये आर्थिक मदद (दो लाख नकद व तीन लाख खाते में) और एक ठेका में नियोजन देने पर सहमति बनी।इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया, जिससे यातायात सामान्य हो गया। मौके पर अर्जून रजवार ,सुशेन रजवार ,रेहित रजक ,इस्लाम अंसारी ,अश्विनी महतो समेत अन्य थे।