धनबाद : मकर संक्रांति पर्व को लेकर धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिलेवासियों से सतर्कता और जिम्मेदारी बरतने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि पतंग उड़ाते समय चाइनीज मांझा (चाइनीज धागा) का प्रयोग बिल्कुल न करें।उपायुक्त ने बताया कि चाइनीज मांझा न केवल बेजुबान पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी यह एक गंभीर खतरा बन चुका है। इसकी अत्यधिक तेज धार के कारण हर वर्ष कई दुर्घटनाएं सामने आती हैं, जिनमें लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को सावधान रहने की सलाह दी। चाइनीज धागा गले में फंसने से जान जाने तक की घटनाएं देश के कई हिस्सों में पहले भी हो चुकी हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि मकर संक्रांति का पर्व खुशी, सुरक्षा और जिम्मेदारी के साथ मनाएं और पतंग उड़ाने के लिए केवल सामान्य सूती धागों का ही इस्तेमाल करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।