लखनऊ। लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को शनिवार को लखनऊ पुलिस ने हिरासत में लिया। नेहा अपने पति के साथ हजरतगंज कोतवाली बयान दर्ज कराने पहुंची थीं, जहां से उन्हें महिला थाने में बैठाया गया है।यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री पर किए गए कटाक्ष को लेकर सामने आई है। पुलिस के अनुसार इसे अमर्यादित टिप्पणी मानते हुए वाराणसी और लखनऊ में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। वाराणसी पुलिस ने नेहा की तलाश में लखनऊ स्थित उनके सेलिब्रिटी गार्डन अपार्टमेंट पर नोटिस भी चस्पा किया था।पुलिस का कहना है कि 12 मई को नेहा सिंह राठौर के गीत “चौकीदरवा कायर बा… बेटियां किसानन खातिर बनल जनरल डायर बा…” को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप लगाया गया कि इस गीत के माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना जनरल डायर से की है।मामला बढ़ने के बाद 20 मई को हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी कमिश्नरेट के तीनों जोनों के 15 थानों में 500 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से अकेले लंका थाने में ही 318 शिकायतें दी गईं।इस पूरे घटनाक्रम पर नेहा सिंह राठौर ने पहले प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वे सरकार से सवाल पूछ रही हैं, लेकिन सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें गालियां और मुकदमे दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा था, “400 शिकायतें नहीं, 4 लाख एफआईआर करवा दीजिए, मैं डरने वाली नहीं हूं।”फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है और नेहा सिंह राठौर से संबंधित सभी तथ्यों को कानूनी प्रक्रिया के तहत खंगाला जा रहा है।