उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने आज कोर्ट रोड स्थित पुरानी ट्रेजरी का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों पदाधिकारियों ने वायरलेस कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, धनबाद विधानसभा का मतदाता सुविधा केंद्र, पेंशन एवं लेखा कार्यालय, कोहिनूर मैदान, वेंडिंग जोन, सदर अस्पताल में नवनिर्मित एमटीसी केन्द्र, धनबाद थाना का निरीक्षण किया।तत्पश्चात पदाधिकारियों ने समाहरणालय में तैयार हो रही नई ट्रेजरी, पूर्वी भाग में तैयार हुए पार्किंग एरिया का निरीक्षण किया।निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने कहा कि पुरानी ट्रेजरी को नए समाहरणालय परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। कहा कि जिला मुख्यालय से ट्रेजरी दूर है। जिसके कारण पदाधिकारियों एवं पेंशनधारियों को निकासी में असुविधा होती है। ट्रेजरी की सुरक्षा के लिए अलग से व्यवस्था करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान नई ट्रेजरी में पुरानी ट्रेजरी की सभी व्यवस्थाओं के साथ-साथ और भी उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान की जाएगी। निरीक्षण के दौरान इसका आकलन भी किया गया है। इसके अलावा पार्किंग स्थल में दो पहिया वाहन पार्किंग के लिए साइन बोर्ड लगाने तथा अन्य सुविधा बढ़ाने के लिए भी दिशा निर्देश दिए हैं।उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल के एमटीसी केंद्र का भी निरीक्षण किया। नए केंद्र में आने वाले बच्चों की संख्या अधिक रहती है, इसलिए उसकी कैपेसिटी शीघ्र बढ़ाई जाएगी।वहीं उपायुक्त ने जिले वासियों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षा का भी ध्यान रखने का अनुरोध किया। उन्होंने विशेषकर जल स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने का अनुरोध किया है। साथ ही कहा कि कोई भी समस्या होने पर लोग जिला प्रशासन को सूचना दे सकते हैं।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री आदित्य रंजन व वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के साथ अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, ट्रेजरी ऑफिसर श्री पंकज कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री नारायण राम तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।