धनबाद : नव वर्ष के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने को लेकर जिले भर में विशेष एंटी क्राइम एवं यातायात जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान की खास बात यह रही कि देर रात तक वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार स्वयं सड़कों पर उतरकर अभियान का नेतृत्व करते नजर आए, जिससे पुलिस बल का मनोबल भी ऊंचा रहा।अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना व अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही अड्डाबाजी, अवैध धंधों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा।नव वर्ष के अवसर पर संभावित भीड़ को देखते हुए मॉल, बाजार, पार्क और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं लगातार पेट्रोलिंग भी की जा रही है।पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नव वर्ष का जश्न कानून का पालन करते हुए और सुरक्षित तरीके से मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।