वाराणसी। अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर शव को घर से करीब 25 किलोमीटर दूर फेंक दिया। पहचान छुपाने के लिए आरोपी ने महिला के सिर और चेहरे को कुचल दिया, लेकिन हाथ पर बने टैटू ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।यह सनसनीखेज वारदात चोलापुर थाना क्षेत्र के कैथोर गांव की है। रविवार सुबह एक बगीचे में बाजरे के ढेर से महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। खेत मालिक की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था।पुलिस जांच में सामने आया कि सोनबरसा गांव निवासी प्रदीप मिश्रा (46 वर्ष), जो पेशे से ऑटो चालक है, ने अपनी पत्नी लक्ष्मी (26 वर्ष) की हत्या की। पुलिस के अनुसार, प्रदीप को पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शुक्रवार को फोन पर झगड़े के बाद उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। शाम को वह उसे घुमाने के बहाने ऑटो से गांव के बाहर सुनसान जगह ले गया और मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कैथोर गांव के एक बगीचे में ले जाकर ईंट से सिर और चेहरा कुचल दिया और पास में पड़े सूखे बाजरे के ढेर में छुपा दिया।टैटू से खुला राजरविवार सुबह बाजरा उठाने पहुंचे एक मूक-बधिर युवक ने बाजरे के ढेर में शव देखा और इशारों से गांववालों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव की शिनाख्त चुनौती बनी हुई थी। इसी दौरान महिला के हाथों पर बने टैटू—एक हाथ पर दिल के पास ‘PL’ और दूसरे हाथ पर ‘GP’—पुलिस के लिए अहम सुराग बने। टैटू के आधार पर पुलिस सोनबरसा गांव पहुंची और मृतका की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई।शक के आधार पर पति को हिरासत में लिया गया, जहां उसने प्रारंभिक पूछताछ में ही अपराध स्वीकार कर लिया।फोरेंसिक जांच जारीपुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जांच की। खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नियार दानगंज मार्ग तक सुराग तलाशे। मौके से चप्पल, खून से सनी ईंट और एक खिलौना भी बरामद किया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।