धनबाद : कोयला भवन धनबाद में कार्यरत कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, उनकी ज्वलंत समस्याओं के समाधान तथा औद्योगिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए सोमवार को भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ, कोयला भवन शाखा का गठन किया गया। इसी को लेकर कोयला भवन, धनबाद में सोमवार को बैठक किया गया। अध्यक्षता भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय कुमार महतो ने की। मुख्य रूप से महामंत्री सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो उपस्थित हुए। बैठक में कोयला भवन में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, जैसे वेतन संबंधी विसंगतियां, सेवा शर्तें, पदोन्नति, चिकित्सा सुविधा, सामाजिक सुरक्षा एवं लंबित मामलों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद यूनियन का गठन कर सीएडी को नवगठित शाखा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का ज्ञापन सौंपा गया। नवगठित शाखा समिति में अध्यक्ष जितेंद्र कुमार महतो, उपाध्यक्ष साधन कुमार दास, अजीत बाउरी। सचिव अभिषेक शर्मा, संयुक्त सचिव हरेण महतो, कार्यकारी अध्यक्ष प्रेमानंद दास, सह सचिव राकेश कुमार महतो, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार राम, सदस्य बंगाली महतो, बिरेंद्र कुमार यादव, फूलचंद दास, मुनी देवी, वीणा देवी, विकाश कुमार राणा को चुना गया। महामंत्री जयराम कुमार महतो ने कहा कि भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ सदैव कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष करता रहा है और नवगठित कोयला भवन शाखा यूनियन कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करेगी। केंद्रीय अध्यक्ष अजय कुमार महतो ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कर्मचारियों की वास्तविक ताकत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों से अपील की कि वे नवगठित यूनियन से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाएं और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहें। धनबाद जिला अध्यक्ष शक्ति नाथ महतो ने कहा कि संघ मजबूती के साथ कर्मचारियों के अधिकारों के लिए कार्य करेगी।