धनबाद : नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को पुराने बाजार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई। अभियान के दौरान दरी मोहल्ला स्थित ‘अपना ट्रेडर्स’ दुकान से करीब ₹1.5 लाख मूल्य का प्रतिबंधित प्लास्टिक ग्लास, थर्माकोल और अन्य सामान जब्त किया गया। साथ ही दुकानदार पर ₹5000 का जुर्माना भी लगाया गया।नगर निगम पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग निजी लाभ के लिए लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि—“जब तक आम जनता और व्यापारी दोनों प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से परहेज नहीं करेंगे, तब तक धनबाद को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना मुश्किल है।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।कार्रवाई के दौरान दुकानदार टिंकू अंसारी ने कहा कि उन्हें भी रोजगार चलाना है। बाजार में जब प्रतिबंधित सामान की सप्लाई बंद ही नहीं हुई है तो दुकानदार बेचेंगे ही। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सप्लाई चैन पर रोक लगाने की मांग की। हालांकि, उन्होंने आगे इस तरह का सामान नहीं बेचने का आश्वासन दिया।