धनबाद। झारखंड मैदान स्थित सत्यम शिवम् सुंदरम दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा इस वर्ष माँ दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया। शनिवार, 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शुरू हुए इस आयोजन में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला।शोभायात्रा की शुरुआत 20 कन्याओं की स्कूटी रैली से हुई, जिनके सिर पर पारंपरिक साफा बंधा था। इसके बाद सुनामी बैंड, धूप-धोनी करती महिलाएं, शंख बजाती महिलाएं, भगवान की छतरी लिए श्रद्धालु और दिल्ली का धोनी बैंड शामिल रहे। कोलकाता से आई राधा-कृष्ण झांकी, जिसमें राधा, कृष्ण, मोर और सखियां शामिल थीं, विशेष आकर्षण बनी। इसके अलावा भोलेनाथ की डमरु पार्टी और श्रीराम सेना के युवाओं ने तलवार के साथ प्रदर्शन कर माहौल को ऊर्जावान बना दिया। अंत में बंगाल की ढाक पार्टी और धुनुची नृत्य करती महिलाओं ने शोभायात्रा को भक्तिमय बना दिया।यात्रा झारखंड मैदान से शुरू होकर डीएस कॉलोनी, बरमसिया फाटक, चिरागोड़ा, हीरापुर, रणधीर वर्मा चौक होते हुए अंततः पंप तालाब और लोको टैंक में प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न हुई। सफेद कुर्ती और गेरुआ पगड़ी में सजी महिलाओं का डांडिया नृत्य तथा लाल पाड़ साड़ी पहनी महिलाओं का धुनुची नृत्य लोगों के लिए यादगार रहा।समिति अध्यक्ष मनोज मालाकार, सचिव उमेश यादव, महासचिव राजेश गुप्ता सहित सभी पदाधिकारी और सदस्य आयोजन में मौजूद रहे। सदस्य सुबोध कुमार ने बताया कि इस वर्ष विसर्जन को सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाने का प्रयास किया गया, जिसे लोगों ने खूब सराहा। श्रद्धालु कोमल कुमारी ने कहा कि “ऐसा अनुभव पहली बार मिला, यह हमेशा याद रहेगा।”यह विसर्जन धनबादवासियों के लिए ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बन गया।