बोकारो: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के उलगाढ़ा पंचायत में उत्पाद विभाग की टीम ने बीती रात 12:30 बजे से सुबह 6:15 बजे तक विशेष छापेमारी अभियान चलाकर नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में 167 पेटी (1499.4 लीटर) नकली विदेशी शराब, स्पिरिट, स्टिकर, ढक्कन, खाली बोतलें और झारखंड सरकार के नकली होलोग्राम बरामद किए गए। अवैध फैक्ट्री का संचालन अंकित सिंह, श्याम सिंह, अविनाश कुमार उर्फ बिट्टू और राहुल मंडल कर रहे थे। उलगाढ़ा निवासी नेपाल महतो ने भी सहयोग किया। सभी के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।