गिरिडीह: पचंबा थाना क्षेत्र के दुर्गास्थान रानी तालाब से सोमवार सुबह एक मछुआरे का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान परसाटांड़ निवासी बेंगा मल्हाह (45) के रूप में हुई है।बताया गया कि बेंगा रविवार तड़के 4 बजे रोज की तरह मछली मारने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे और थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे, तभी सुबह सूचना मिली कि तालाब में शव तैरता हुआ देखा गया।घटना की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बताते हैं कि बेंगा पिछले 20 सालों से इसी तालाब में मछली पकड़कर परिवार का भरण-पोषण करता था।स्थानीय निवासी पवन कंधवे ने बताया कि यह घटना पूरे इलाके के लिए बेहद दुखद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।