
झारखण्ड आंदोलन के प्रखर क्रांतिकारी नेता शहीद मणींद्रनाथ मंडल की 76वीं जयंती एवं शहीद मणींद्रनाथ मंडल चौक स्थापना दिवस सह सम्मान समारोह रविवार को बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहीद मणींद्रनाथ मंडल फाउंडेशन, धनबाद की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में झारखण्ड आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।समारोह में टुंडी विधायक मथुरा महतो भी मौजूद रहे। उन्होंने शहीद मणींद्रनाथ मंडल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने झारखण्ड आंदोलन के महानायक शिबू सोरेन और रामदास सोरेन को भी श्रद्धांजलि दी। मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमें शहीद मणींद्रनाथ मंडल के त्याग और बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। युवाओं को उनके संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए।अन्य वक्ताओं ने भी शहीद मणींद्रनाथ मंडल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष झारखण्ड आंदोलन की नींव रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी से शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करने और राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। बता दे की 17 अक्टूबर 2023 को विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने शहीद मणींद्रनाथ मंडल की प्रतिमा का अनावरण किया था। उसके बाद से यह चौक झारखण्ड आंदोलन की ऐतिहासिक धरोहर और संघर्ष की स्मृति का प्रतीक माना जाता है।